सहारनपुर। जलभराव की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नगरायुक्त ने बुधवार की सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव का जायजा लिया और जलनिकासी के लिए सभी संसाधनों के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। विभिन्न वार्डो के निचले इलाकों से जल निकासी के लिए करीब एक दर्जन मड पम्प और अनेक मशीनों का सहारा लिया गया।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने बुधवार को बारिश के बीच ही निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी जलभराव वाले क्षेत्रों में सभी संसाधनों का प्रयोग करते हुए जल निकासी कराने के निर्देश दिए। जल निकासी सम्बंधी कंट्रोल रुम में आने वाली शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनका निस्तारण कराया गया।
नगर निगम द्वारा जलभराव वाले निचले इलाको में वार्ड 18 के रामविहार तथा गणेश विहार, वार्ड 8 के चकदेवली, वार्ड 33 दिल्ली रोड, वार्ड 26 के नंदपुरी व अमर शहीद कॉलोनी और प्रकाश लोक, वार्ड 25 के एकता कॉलोनी में मड पम्प लगाकर जल निकासी करायी गयी। वार्ड 26 और वार्ड 18 में चार-चार मड पम्प जल निकासी के लिए लगाने गए। वार्ड 26 की अमर शहीद कॉलोनी में मड पम्प के अलावा जल निकासी के लिए मशीन भी लगायी गयी। इसके अलावा वार्ड 39 के पेपर मिल रोड स्थित कपिल विहार आदि क्षेत्रों से भी पानी निकालने के लिए मशीनों का सहारा लिया गया।
उधर शारदा नगर छोटी लाइन लकड़ी वाले पुल के पास रेलवे परिसर स्थित करीब सौ साल पुराना अंडर ग्राउण्ड नाला पिछले दो दिन से बंद होने के कारण शारदा नगर में जलभराव की स्थिति बन गयी थी। चार स्थानों पर खुदाई के बाद अंततः यह नाला भी खोल दिया गया।