सहारनपुर के शहर क़ाज़ी सुल्तान अख्तर नहीं रहे

 .....✍️शहज़ाद बबलू की रिपोर्ट

नायाब काज़ी नदीम अख़्तर बने शहर क़ाज़ी

सहारनपुर। नगर में शहर क़ाज़ी के पद पर लंबे वक्त से तैनात अलहाज सुलतान अख्तर साहब का लंबी बीमारी के चलते आज यहां निधन हो गया उनके इंतकाल के बाद उनके पुत्र जो पहले से ही नायब काज़ी के तौर पर ज़िम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे उन्हें शहर क़ाज़ी नियुक्त कर दिया गया।



शहर काजी के निधन की खबर से पूरे जनपद सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर पक्ष विपक्ष के राजनीतिज्ञों, समाजसेवियों और आम जनता ने दुःख प्रकट किया है।

बताते चलें कि काजी सुल्तान अख्तर बड़े आलिम ए दीन थे तथा पिछले काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

गौरतलब है कि काज़ी का रुतबा और मकाम इस्लामिक जगत में खासा महत्वपूर्ण माना जाता रहा है और इस पद को अदल व इंसाफ शरीयत के अनुसार दिए जाने के लिए ही मुकर्रर किया जाता है। यह बात और है कि हिंदुस्तान में संवैधानिक व्यवस्था के बाद इंसाफ का कार्य न्यायालयो की ज़िम्मेदारी है किन्तु इसके बाद भी मुस्लिम समुदाय के साथ साथ सरकार और शासन प्रशासन में क़ाज़ी को खासा सम्मान दिया जाता है।



शहर काजी के निधन के तुरंत बाद जनपद के मौलाना और आलिम ए दीन सहित मदरसों के नाजिम लोगों की बैठक में उनके पुत्र एवं नायब शहर काज़ी नदीम अख़्तर को शहर काज़ी नियुक्त कर दिया गया।