-शहर की दो दर्जन होलियों पर इस वर्ष भी सजायी गयी थी गोबर की लकड़ियां और कंडे
सहारनपुर। अगले साल सहारनपुर शहर की सब होलियों में होलिका दहन कान्हा गौशाला के गोबर से निर्मित लकड़ियों एवं कंडों से होगा। नगर निगम द्वारा नवादा रोड पर संचालित कान्हा उपवन गौशाला में लगभग दो सौ गौवंश का पालन पोषण किया जा रहा है।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला में गौवंश के गोबर से लकड़ियां, कंडे, दीये, गमले आदि अनेक उत्पाद बनाये जा रहे हैं। जबकि गौमूत्र से गोनाईल नाम से फिनाईल बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शहर की करीब दो दर्जन होलियों पर कान्हा उपवन गौशाला में गोबर से निर्मित कंडे और लकड़ियां होलिका दहन के लिए निशुल्क भेजी गयी थी। अगले वर्ष इसे और बढ़ाया जायेगा। उन्होंने बताया कि मेयर संजीव वालिया के निर्देशन में नगर निगम ने यह फैसला लिया है कि अगले वर्ष होलिका दहन के लिए सब होलियों पर कान्हा उपवन गौशाला में निर्मित लकड़ियां और कंडे भिजवाये जायेंगे। इससे जहां होलिका दहन के समय अग्नि और अधिक प्रचंड होगी वहीं पर्यावरण की दृष्टि से भी यह काफी उपयोगी रहेगा।
नगरायुक्त ने बताया कि कान्हा उपवन गौशाला ऐसी पहली गौशाला है जिसे आत्मनिर्भर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा गोबर से गैस और जैविद खाद बनाने के अलावा लकड़ी, कंडे आदि बनाये जा रहे है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष शहर की दो दर्जन होलियों पर निगम द्वारा निशुल्क गोबर निर्मित लकड़ियां व कंडे भिजवाने की पहल को शहर के लोगों ने सराहा है।