भूख से मृत्यु की कोई पुष्टि नहीं- जिलाधिकारी अखिलेश सिंह

 


 


सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जनपद सहारनपुर की तहसील रामपुर मनिहारान स्थित ग्राम जड़ौदा पाण्डा के माजरा किशनपुरा में दिनांक 14 अप्रैल, 2020 को रात्रि में श्रीमती मीना पत्नी स्व0 हरिया आयु लगभग 85 वर्ष की मृत्यु एस0बी0डी0 जिला चिकित्सालय सहारनपुर में हो गई थी। मृतका मीना का ग्राम में अन्य कोई पारिवारिक सदस्य ग्राम में निवासित नहीं था। वृद्धावस्था के कारण पूर्व से ही मृतका के भोजन आदि की व्यवस्था ग्राम के पड़ोसी व्यक्तियों द्वारा ही किये जाने के तथ्य संज्ञानित हुये है। मृतका किशनपुरा में रह रही थी तथा कई दिनों से बीमार चल रही थी जिसकी चिकित्सा हेतु दिनांक 14 अप्रैल, 2020 को थाना पुलिस द्वारा पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नानौता ले जाया गया था। वहाँ से उन्हें एस0बी0डी0 जिला चिकित्सालय, सहारनपुर को रेफर कर दिया गया जहाँ इलाज के दौरान रात में उनकी मृत्यु हो गई। इसके पश्चात ग्रामवासियों द्वारा उसे ग्राम में लाकर दिनांक 15 अप्रैल, 2020 को दोपहर में उनका अन्तिम संस्कार कर दिया गया। मृतका मीना की मृत्यु वृद्ध व अस्वस्थ होने के कारण हुई है। उन्हें खाने पीने की सभी आवश्यक वस्तुयें तैयार कर उपलब्ध कराई जाती थी। उन्हें सरकारी राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई थी। भूख इत्यादि से मृत्यु की कोई पुष्टि नहीं हुई है।