नगरायुक्त ने पार्षदों व लोगों से बातचीत कर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
निगम ने अपने सफाई कर्मचारियों को भी सैनेटाइज़ किया
सहारनपुर। मेयर संजीव वालिया ने कहा है कि हम अपने शहर में कोरोना जैसे किसी वायरस को नहीं पनपने देंगे, ये निगम का संकल्प है। जबकि नगरायुक्त ने पार्षदों व लोगों से बातचीत कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। नगर निगम द्वारा महानगर में की जाने वाली सफाई व्यवस्था दुरुस्त चलती रहे इसके लिए निगम ने आज अपने कर्मचारियों पर भी सोडियम हाइपोक्लोराइट के सममिश्रण का छिड़काव कर उन्हें सैनेटाइज़ किया। कर्मचारियों व कार्यालयों को सैनेटाइज करने के लिए निगम द्वारा कोल्ड फॉगर मशीने मंगायी गयी है। नगर स्वाथय अधिकारी डॉ. ए के त्रिपाठी ने इन मशीनों का शुभारंभ किया।
नगर निगम के सफाई कर्मचारी महानगर के सभी क्षेत्रों में जाकर सफाई व कूड़ा उठान के अलावा कीटनाशकों व कीटाणु-जीवाणु शोधकों का छिड़काव कर रहे है। इस हालात में वे किसी बीमारी की चपेट में न आए इसके लिए आज से नगर निगम ने अपने सफाई नायकों व कर्मचारियों को भी सैनेटाइज़ करना शुरु कर दिया है। मंगलवार को नगर स्वाथय अधिकारी डॉ. ए के त्रिपाठी ने इस कोल्ड फॉगर मशीन का शुभारंभ करते हुए स्वयं निगम के सफाई कर्मचारियों को सैनेटाइज किया।
नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि इंडोर को सैनेटाइज करने के लिए निगम द्वारा दो कोल्ड फॉगर मशीने मंगाई गयी है। उन्होंने बताया कि इन मशीनों द्वारा कर्मचारियों को सैनेटाइज़ करने के अलावा मंडलायुक्त निवास व कैंप कार्यालय, नगर निगम कार्यालय, जिलाधिकारी निवास व कलक्ट्रेट, एनआईसी, डीआईजी कैंप कार्यालय, एसएसपी कार्यालय, पुलिस लाईन, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, मेयर निवास के अलावा जनप्रतिनिधियों के निवास आदि को सैनेटाइज किया जायेगा।
नगरायुक्त ने बताया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से महानगर में सफाई व्यवस्था में लगे है। पार्षदों का भी सहयोग मिल रहा है। आज वार्ड 64, 65 व 66 में सफाई नायक बृजमोहन ने पार्षद नूर आलम, सईद कुरैशी व हाजी गुलशेर आदि को साथ लेकर सफाई के अलावा दवाई का छिड़काव कराया। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने स्वयं लोगों से और पार्षदों से बात की है,सभी नगर निगम की सफाई व्यवस्था तथा कोरोना से बचाव के लिए किये जा रहे प्रयासों से न केवल संतुष्ट है बल्कि सराहना भी कर रहे हैं। इसी तरह वार्ड 70 में भी पार्षद महमूद हसन को साथ लेकर लक्खी गेट, बंजारान व मुत्रीबान आदि क्षेत्रों में छिड़काव किया गया। वार्ड 19 में पार्षद रमेश छाबड़ा, वार्ड 48 आवास विकास में भगतसिंह, वार्ड 43 में मंसूर बदर सहित लगभग सभी वार्डो में पार्षदगण भी कीटनाशकों के छिड़काव आदि में सहयोग कर रहे हैं।
उधर मेयर संजीव वालिया ने आज सुबह भी गैराज पहुंचकर विभिन्न क्षेत्रों में कीटाणु शोधक छिड़काव टीमों तथा शहर को सैनेटाइज करने वाली गाड़ियों को रवाना किया और सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जहां जिस गली में भी गाड़ी जा सकती है वहां तक पहुंचकर कीटाणुनाशकों का छिड़काव करें। छोटी गलियो में भी कीटाणुनाशको के छिड़काव के लिए उन्होंने हैंड मशीने के ज्यादा से ज्यादा उपयोग पर जोर दिया। मेयर ने बताया कि निगम ने पर्याप्त मात्रा में सोडियम हाइपोक्लोराइट, ब्लीचिंग पाउडर, चूना व अन्य कीटनाशकों को मंगा लिया है, नगर निगम के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है। हम अपने शहर में कोरोना जैसे किसी वायरस को नहीं पनपने देंगे, ये निगम का संकल्प है।